उत्तराखंड: पैरा शूटर अभिनव देशवाल ने रचा इतिहास, देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न से हुए सम्मानित

देहरादून। उत्तराखंड के युवा पैरा निशानेबाज अभिनव देशवाल ने राज्य का प्रतिष्ठित देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार हासिल कर नई उपलब्धि दर्ज की है। उन्हें वर्ष 2025 के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को विभिन्न राज्य स्तरीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
अभिनव देशवाल को शूटिंग में शानदार प्रदर्शन के लिए खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया था। खेल विभाग ने अगस्त में ही उनके नाम की घोषणा की थी। उनके साथ भारतीय धावक अंकिता ध्यानी को भी देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अंकिता को वर्ष 2024-25 के लिए यह सम्मान मिला।
कई खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का सम्मान
राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। वर्ष 2025 के लिए अभिनव देशवाल को खेल रत्न, जबकि मुकेश शर्मा को द्रोणाचार्य पुरस्कार और मुक्केबाज मुकेश चंद्र बेलवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया गया। पैरा वर्ग में निशानेबाज शौर्य सैनी को हिमालय रत्न खेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में काम कर रही है।



