हरिद्वार: मोतीचूर रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में युवक के दोनों पैर कटे

हरिद्वार। मोतीचूर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाड़मेर से ऋषिकेश जा रही बाड़मेर एक्सप्रेस में चलती ट्रेन के दौरान चढ़ने की कोशिश कर रहा 22 वर्षीय युवक संतुलन बिगड़ने से ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसके दोनों पैर कटकर शरीर से अलग हो गए।
चलती ट्रेन में चढ़ने का कर रहा था प्रयास
घायल युवक की पहचान विकास साह (22) पुत्र महेंद्र साह, निवासी दरभंगा, बिहार के रूप में हुई है। स्टेशन अधीक्षक एसके चौधरी के अनुसार, बाड़मेर एक्सप्रेस सुबह करीब 8:40 बजे मोतीचूर रेलवे स्टेशन पहुंची थी। लगभग 8:50 बजे ट्रेन के रवाना होने के दौरान विकास उसमें चढ़ने का प्रयास कर रहा था।
इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक के दोनों पैर कट गए।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन अधीक्षक ने आरपीएफ जवानों, स्थानीय पुलिस और 108 एंबुलेंस को जानकारी दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए हरिद्वार के सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक को प्राथमिक उपचार दिया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया।
यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील
हादसे के बाद रेलवे स्टेशन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। यह घटना एक बार फिर चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने के जोखिम को सामने लाती है। यात्रियों से अपील है कि ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही उसमें चढ़ें या उतरें और किसी भी तरह की जल्दबाजी से बचें।



