हज यात्रा 2027: उत्तराखंड के 1,526 आवेदक चयनित, 15 सितंबर तक जमा करने होंगे मेडिकल दस्तावेज

रुड़की। हज यात्रा-2027 के लिए उत्तराखंड से चयनित 1,526 आवेदकों के लिए जरूरी प्रक्रिया शुरू हो गई है। उत्तराखंड राज्य हज समिति ने चयनित यात्रियों को 15 सितंबर तक मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र समेत सभी निर्धारित दस्तावेज जमा करने के निर्देश दिए हैं। समयसीमा के भीतर औपचारिकताएं पूरी नहीं करने पर यात्रा की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
दो चरणों में होगी मेडिकल जांच
उत्तराखंड राज्य हज समिति के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ के अनुसार, हज कमेटी ऑफ इंडिया के सर्कुलर के तहत हज-2027 के लिए चयनित यात्रियों की चिकित्सा जांच और फिटनेस प्रमाणपत्र की प्रक्रिया अनिवार्य है। यह प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहला चरण चयन के समय और दूसरा हज यात्रा से पहले किया जाएगा।
चयनित आवेदकों को हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित प्रपत्र का प्रिंट निकालकर सरकारी एलोपैथिक चिकित्साधिकारी से मेडिकल जांच करानी होगी। मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र पर फोटो लगाकर चिकित्साधिकारी के हस्ताक्षर कराने के बाद इसे 15 सितंबर तक हज समिति की वेबसाइट के पिलग्रिम लॉगिन-2027 पर अपलोड करना होगा। इसके साथ पहली किस्त जमा करने की ई-पे स्लिप या ऑनलाइन भुगतान की रसीद भी अपलोड करनी होगी।
पासपोर्ट और बैंक दस्तावेज भी जरूरी
चयनित आवेदकों को हस्ताक्षरित हज आवेदन फार्म की प्रति, डिक्लेरेशन, पासपोर्ट डिक्लेरेशन, सफेद बैकग्राउंड वाली दो रंगीन फोटो, बैंक खाते का कैंसिल चेक या बैंक पासबुक की छायाप्रति और पासपोर्ट के फ्रंट व बैक पेज की छायाप्रति जमा करनी होगी।
यदि आवेदक का वर्तमान पता पासपोर्ट में दर्ज पते से अलग है तो हज आवेदन में दिए गए पते का प्रमाणपत्र भी देना होगा। सभी दस्तावेजों की छायाप्रतियों पर आवेदक के हस्ताक्षर होना अनिवार्य है।
ऑनलाइन परेशानी होने पर यहां जमा करें दस्तावेज
ऑनलाइन दस्तावेज अपलोड करने में किसी तरह की परेशानी होने पर चयनित आवेदक मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र उत्तराखंड राज्य हज समिति के हज हाउस, पिरान कलियर कार्यालय में अंतिम तिथि से पहले जमा कर सकते हैं।
मूल मेडिकल रिपोर्ट संभालकर रखने की सलाह
हज समिति ने आवेदकों को मूल चिकित्सा जांच रिपोर्ट और मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र सुरक्षित रखने की सलाह दी है। यात्रा से पहले होने वाली दूसरी मेडिकल जांच और टीकाकरण के दौरान इन दस्तावेजों को चिकित्सा टीम के सामने प्रस्तुत करना होगा।
समिति के अनुसार, निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के तहत चिकित्सकीय रूप से अयोग्य पाए जाने पर आवेदक की हज यात्रा की उम्मीदवारी रद्द हो सकती है। ऐसी स्थिति में जमा राशि नियमों के अनुसार वापस की जाएगी। वहीं स्वास्थ्य या चिकित्सा संबंधी जानकारी छिपाने अथवा गलत जानकारी देने पर जमा राशि जब्त होने के साथ नियमानुसार कार्रवाई भी की जा सकती है।



