उत्तराखंड

चारधाम यात्रा: सीएम धामी से मिले बीकेटीसी अध्यक्ष, दूसरे चरण की तैयारियों की दी जानकारी

Listen to this News

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को चारधाम यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियों की जानकारी दी।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने बताया कि मानसून के बाद 15 सितंबर से चारधाम यात्रा का दूसरा चरण शुरू होगा। इस दौरान बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए बीकेटीसी की ओर से श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

बदरीनाथ और केदारनाथ में 31.62 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

बीकेटीसी के अनुसार, अब तक बदरीनाथ धाम में 16,86,438 और केदारनाथ धाम में 14,75,679 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। दोनों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 31,62,117 पहुंच गई है।

बैठक में बताया गया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। यात्रा के लिए अभी करीब दो माह का समय शेष है, ऐसे में आने वाले दिनों में तीर्थयात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

मानसून के बाद सुरक्षित यात्रा पर जोर

मुख्यमंत्री और बीकेटीसी अध्यक्ष के बीच मानसून के बाद यात्रा के दूसरे चरण को सुचारु और सुरक्षित तरीके से संचालित करने को लेकर भी चर्चा हुई। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए धामों में दर्शन व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button