रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गौरीकुंड के पास खाई में गिरा यात्री, तलाश में जुटीं रेस्क्यू टीमें

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गौरीकुंड से आगे छौड़ी गधेरे के पास सोमवार सुबह एक यात्री के खाई में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ और आपदा राहत दलों को मौके के लिए रवाना किया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, घटना की सूचना सुबह करीब 10:06 बजे मिली। इसके बाद एसडीआरएफ सोनप्रयाग, सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड, डीडीआरएफ, वाईएमएफ और आपदा मित्र टीम को तत्काल सूचना देकर मौके पर भेजा गया।
राहत एवं बचाव टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर यात्री की तलाश में जुट गई हैं। फिलहाल यात्री की पहचान और उसके संबंध में अन्य जानकारी सामने नहीं आई है। रेस्क्यू टीमों की ओर से खाई में तलाश अभियान जारी है।
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। अधिकारियों की निगरानी में बचाव अभियान चलाया जा रहा है।



