उत्तराखंड

देहरादून में भाजपा का धरना, राहुल गांधी के बयानों पर जताया विरोध; जातिवाद फैलाने और उत्तराखंड की छवि खराब करने का आरोप

Listen to this News

देहरादून के गांधी पार्क में सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयानों के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। भाजपा ने इस प्रदर्शन को ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना’ नाम दिया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर उत्तराखंड में जातिवादी मानसिकता को बढ़ावा देने और प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।

धरने में प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या समेत भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और उत्तराखंड में सामाजिक समरसता एवं भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड को वीर शहीदों की भूमि और देवभूमि के रूप में देश-दुनिया में पहचान मिली है। प्रदेश की सामाजिक एकता और आपसी भाईचारा इसकी विशेष पहचान है। ऐसे में ऐसी राजनीतिक बयानबाजी, जिससे समाज में जाति या वर्ग के आधार पर विभाजन की भावना पैदा हो, उसका पार्टी विरोध करेगी।

भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी की ओर से की जा रही बयानबाजी उत्तराखंड के शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण सामाजिक वातावरण में जातिवाद की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास है। पार्टी ने इसे प्रदेश की सामाजिक एकता और प्रतिष्ठा के खिलाफ बताया।

धरने के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की जनता जाति और वर्ग के आधार पर समाज को बांटने वाली राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। पार्टी ने कांग्रेस से भी राजनीतिक बयानबाजी में संयम बरतने और प्रदेश के सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button