रुद्रप्रयाग: केदारनाथ पैदल मार्ग पर पत्थर की चपेट में आई महिला तीर्थयात्री, मौत; तीन घंटे रोकी गई यात्रा

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर चीरबासा के पास पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में आने से महाराष्ट्र की एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई। हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों की आवाजाही रोक दी गई। करीब तीन घंटे बाद मार्ग को साफ और सुरक्षित किए जाने के बाद यात्रा दोबारा सुचारू की गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह महाराष्ट्र से आए तीर्थयात्री गौरीकुंड से केदारनाथ की ओर जा रहे थे। चीरबासा के पास पहुंचते ही पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे। इसी दौरान 60 वर्षीय मंगल अपाराव सिंधे इसकी चपेट में आ गईं और उनकी मौत हो गई। वह महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के निम गांव की रहने वाली थीं।
हादसे की सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मियों ने मार्ग पर यात्रियों की आवाजाही रोक दी। डीडीआरएफ और वाईएमएफ की टीम ने महिला का शव गौरीकुंड पहुंचाया, जहां से उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।
पत्थर गिरने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पर यात्रियों की आवाजाही करीब तीन घंटे प्रभावित रही। मार्ग साफ किए जाने और सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद यात्रियों को आगे जाने की अनुमति दी गई। इस दौरान कई यात्री अलग-अलग स्थानों पर रोके गए थे।
लगातार बारिश के बीच केदारनाथ यात्रा मार्ग पर पत्थर गिरने की घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन और सुरक्षा बल मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रियों की आवाजाही पर नजर बनाए हुए हैं।



