देश

हंदवाड़ा में हिजबुल मुजाहिदीन के हाइब्रिड आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, पूर्व आतंकी मंजूर अहमद भट गिरफ्तार

Listen to this News

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा इलाके में सुरक्षा बलों ने हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े एक कथित हाइब्रिड आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए एक पूर्व आतंकी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंजूर अहमद भट के रूप में हुई है। वह हंदवाड़ा के क्रुहमुरा का रहने वाला है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पूर्व आतंकी दोबारा हाइब्रिड तरीके से आतंकी गतिविधियों को सक्रिय करने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद हंदवाड़ा पुलिस, सेना की 21 राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ की 92वीं बटालियन ने हंदवाड़ा कस्बे में संयुक्त घेराबंदी एवं तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पिस्टल और कारतूस बरामद

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चीन निर्मित एक पिस्टल, दो मैगजीन और 16 राउंड पिस्टल की गोलियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी दो मामलों में गिरफ्तार हो चुका है और अब कथित तौर पर हाइब्रिड आतंकी के तौर पर काम कर रहा था।

नेटवर्क की जांच जारी

इस मामले में हंदवाड़ा थाने में FIR नंबर 232 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित मॉड्यूल का नेटवर्क कितना व्यापक है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button