देश
जयपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: पति ने पत्नी और तीन बेटियों की पत्थर से हत्या की, वारदात के बाद फरार

जयपुर के करधनी इलाके में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और तीन बेटियों की पत्थर से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घर में पत्नी और तीनों बेटियों के सिर पर पत्थर से लगातार वार किए। चारों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी कुछ देर बाद दूध लेकर आए व्यक्ति से दूध लेने के बाद वहां से फरार हो गया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और हत्या के पीछे की वजह पता लगाने का प्रयास कर रही है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।



