BRICS Summit: रागी डोसा से हैदराबादी बिरयानी तक, VIP मेहमानों को चखने को मिलेगा भारत का खास स्वाद

नई दिल्ली। राजधानी में 12 और 13 सितंबर को होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान विदेशी मेहमानों के लिए भारत की समृद्ध पाक विरासत को खास अंदाज में पेश किया जाएगा। सम्मेलन के लिए तैयार किए गए विशेष मेन्यू में रागी डोसा, बाजरा उपमा, मिलेट पोंगल, अवधी कबाब से लेकर हैदराबादी बिरयानी और विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजन शामिल किए गए हैं।
मेहमानों के भोजन में श्री अन्न यानी बाजरा, ज्वार और रागी जैसे मोटे अनाज से बने व्यंजनों को विशेष महत्व दिया गया है। नाश्ते और अन्य भोजन में मौसमी फल, नारियल पानी और ताजा छाछ भी परोसी जाएगी। दोपहर के भोजन में गुजराती, राजस्थानी और दक्षिण भारतीय थाली के साथ उत्तर भारतीय और दक्कनी व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा।
मेन्यू में कश्मीरी पुलाव, दक्कनी तड़का, हैदराबादी शाकाहारी और मांसाहारी बिरयानी तथा दक्षिण भारतीय स्ट्यू जैसे व्यंजन भी शामिल हैं। विदेशी मेहमानों की पसंद और खानपान की आदतों को ध्यान में रखते हुए बिना तेल-मसाले के कस्टमाइज्ड कॉन्टिनेंटल नाश्ते की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
भारत मंडपम में आयोजित होने वाले विशेष रात्रिभोज में अलग-अलग राज्यों से आए खानसामे भारतीय व्यंजनों की विविधता पेश करेंगे। विदेशी मेहमानों की धार्मिक और व्यक्तिगत प्राथमिकताओं को देखते हुए शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के लिए अलग-अलग सेक्शन और समर्पित रसोइयों की व्यवस्था की गई है।
खाद्य सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। होटलों में इस्तेमाल होने वाले कच्चे सामान, मसालों और बेकरी उत्पादों की नियमित जांच और लैब टेस्टिंग की जा रही है। भोजन परोसने से पहले उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच के लिए विशेषज्ञों की तैनाती की गई है।
BRICS सम्मेलन के लिए दिल्ली के प्रमुख लग्जरी होटलों में विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों की मेजबानी की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। ऐसे में शिखर सम्मेलन में कूटनीति के साथ भारत के खानपान और सांस्कृतिक विविधता की भी खास झलक देखने को मिलेगी।



