उत्तराखंड

उत्तराखंड: दिवाली से पहले लखपति दीदियों के घर जलेंगे दीये, सोशल मीडिया पर सेल्फी पोस्ट करेंगी महिलाएं

Listen to this News

उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश की लखपति दीदियां अपने घरों में शाम के समय दीये जलाएंगी और दीये के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करेंगी।

71,362 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं महिलाएं

ग्राम्य विकास विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत प्रदेश में 71,362 स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) सक्रिय हैं। इन समूहों से करीब तीन लाख लखपति दीदियां जुड़ी हैं, जो विभिन्न उत्पादक गतिविधियों के जरिए अपनी आजीविका को मजबूत कर रही हैं।

इसके अलावा करीब पांच लाख किसान भी ग्राम्य विकास विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े हुए हैं। विभाग इन समूहों और किसानों के साथ मिलकर एक महीने तक कई कार्यक्रम आयोजित करेगा। इस दौरान लखपति दीदियों और किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा।

17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलेगा अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान माह’ मनाया जाएगा। इसी अभियान के तहत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा रक्तदान शिविर और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।

19 सितंबर को रोजगार मेले का आयोजन

अभियान के तहत 19 सितंबर को देहरादून समेत देश के 45 स्थानों पर रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से युवाओं को नौकरी के प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे।

ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी के अनुसार, दीया जलाने का कार्यक्रम प्रधानमंत्री के कार्यों के प्रति जनता के धन्यवाद और उन महिलाओं के आशीर्वाद का प्रतीक है, जिनके जीवन में जनहितकारी योजनाओं से बदलाव आया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button