उत्तराखंड

बागेश्वर में व्यापारी से अभद्रता पर आक्रोश, पुलिस को 72 घंटे का अल्टीमेटम

Listen to this News

बागेश्वर में व्यापारी के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को इस मामले को लेकर व्यापारियों और कोतवाल के बीच कोतवाली परिसर में तीखी नोकझोंक हुई। आक्रोशित व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

घर में घुसकर मारपीट का आरोप

व्यापार संघ और केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों का आरोप है कि बाहर से आए कुछ अज्ञात दबंगों और बाउंसरों ने केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गोकुल जोशी के घर में घुसकर उनके परिजनों के साथ मारपीट और अभद्रता की। इसके बाद पीड़ित जब अस्पताल पहुंचे तो वहां भी उनके और अन्य व्यापारियों के साथ हाथापाई किए जाने का आरोप है।

पीड़ित व्यापारी गोकुल जोशी के अनुसार, आरोपियों ने घर में घुसकर उनका मोबाइल और डीवीआर भी छीन लिया था। मोबाइल पुलिस ने बरामद करवा दिया है, जबकि डीवीआर अभी तक बरामद नहीं हुआ है।

72 घंटे में गिरफ्तारी की मांग

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष बबलू नेगी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी पक्ष के लोगों को पुलिस के सामने उपस्थित होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे नहीं पहुंचे। इससे पुलिस की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में असंतोष है।

व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 72 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापार संघ उग्र आंदोलन करेगा। इसके साथ ही जिलेभर में बाजार बंद करने की चेतावनी भी दी गई है।

पुलिस की कार्रवाई पर नजर

मामले को लेकर व्यापारियों में बढ़ते आक्रोश के बीच अब पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें हैं। व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि समयसीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button