असम के सोनितपुर में कार और ट्रक की भीषण टक्कर, पांच लोगों की मौत

असम के सोनितपुर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। रंगापारा थाना क्षेत्र के बालीपारा में एक पेट्रोल पंप के पास कार और सामने से आ रहे ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना बालीपारा इलाके में हुई। कार सामने से आ रहे एक कमर्शियल ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार पांचों लोगों की जान चली गई।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान हर गोबिंदा हजोअरी, नयन स्वर्गियारी, पप्पू बोरा, प्रांजल बनिया और संजय मेच के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक सोनितपुर जिले के घोरामारी बाटाबारी इलाके के रहने वाले थे।
ट्रक चालक मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। दुर्घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।



