देहरादून में साइबर ठगी: सॉफ्टवेयर अपडेट के नाम पर भेजा लिंक खोला, खाते से उड़ गए 1.11 लाख रुपये

देहरादून: साइबर ठगों ने सॉफ्टवेयर अपडेट के नाम पर भेजे गए संदिग्ध लिंक के जरिए एक व्यक्ति के बैंक खाते से 1.11 लाख रुपये उड़ा लिए। अजबपुर कला के शांति विहार फेज-3 निवासी अनुज कोठियाल ने मामले की शिकायत नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस से की है, जिसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को अनुज के मोबाइल पर सॉफ्टवेयर अपडेट करने के संबंध में एक लिंक आया था। उन्होंने लिंक खोल दिया। इसके कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से 1,11,055 रुपये निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और संदिग्ध लिंक के जरिए हुई ठगी के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साइबर विशेषज्ञ लगातार लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने और किसी भी सॉफ्टवेयर या ऐप का अपडेट केवल आधिकारिक माध्यम से करने की सलाह देते हैं।



