रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: लखनऊ स्टेशन पर दो दिन प्रभावित रहेगा ट्रेनों का संचालन, कई के रूट और प्लेटफार्म बदलेंगे

लखनऊ रेलवे स्टेशन पर चल रहे कार्य के चलते दो दिनों तक ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। ट्रैफिक और ओएचई ब्लॉक की अवधि बढ़ाए जाने के कारण कई ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग और प्लेटफार्म में भी बदलाव रहेगा। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे के अनुसार, लखनऊ-बालामऊ-लखनऊ और लखनऊ-शाहजहांपुर-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेनों को सोमवार और मंगलवार को आलमनगर में शॉर्ट टर्मिनेट कर वहीं से संचालित किया जाएगा।
इसके अलावा पटना-जंक्शन जम्मूतवी एक्सप्रेस, योगनगरी ऋषिकेश-प्रयागराज संगम-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, देहरादून-बनारस-देहरादून एक्सप्रेस, नई दिल्ली-बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस, बरौनी-अंबाला कैंट-बरौनी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है।
ये ट्रेनें उतरतिया-ट्रांसपोर्टनगर-आलमनगर के रास्ते संचालित की जाएंगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और निर्धारित प्लेटफार्म की जानकारी जांचने की अपील की है।



