गुरुग्राम हिट एंड रन: आरोपी के वकील का दावा- लिंचिंग के डर से मौके से भागा कल्याण बैंसला

गुरुग्राम: गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में आरोपी कल्याण बैंसला के वकील ने अपने मुवक्किल के बचाव में कई दावे किए हैं। वकील नवीन बैंसला के मुताबिक, हादसे के बाद कल्याण इसलिए मौके से चला गया क्योंकि उसे बाइक सवारों की भीड़ द्वारा पीटे जाने का डर था।
वकील ने दावा किया कि घटना के समय मौके पर करीब 25 से 30 बाइक सवार मौजूद थे और वे तेज रफ्तार से बाइक चला रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बाइक सवारों की कथित तेज रफ्तार और ड्राइविंग के कारण हादसा हुआ। वकील ने सिया और एक अन्य राइडर की ओर से साझा किए गए वीडियो को भी एडिटेड और प्लांटेड बताया।
कार मोड़ने को लेकर वकील ने दी सफाई
वकील के अनुसार, कल्याण पीछे से आ रहा था और आगे यू-टर्न देखकर कार को बाईं ओर मोड़ने की कोशिश कर रहा था। उनका दावा है कि बाइक सवार उसे उकसा और परेशान कर रहे थे, लेकिन कल्याण ने उनसे कोई बातचीत नहीं की।
वहीं, महिला बाइक सवार सिया ने आरोप लगाया था कि कार सवारों ने पहले उन्हें रोकने का इशारा किया और बाद में उनकी बाइक को कार से टक्कर मार दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने काफी तूल पकड़ा है।
पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी
गुरुग्राम पुलिस ने वीडियो साक्ष्यों की जांच के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 यानी हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी है। आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।



