मसूरी: रेस्टोरेंट में घुसकर युवक और साथियों पर लाठी-डंडों से हमला, CCTV फुटेज वायरल

मसूरी के किंग्रेग क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में कुछ लोगों के घुसकर युवक और उसके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित ने मसूरी कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर में मनीष ने बताया कि कुछ अज्ञात लोग रेस्टोरेंट में पहुंचे और वहां पहुंचते ही उसके और उसके साथियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में मनीष और उसके साथियों के चोटिल होने की बात कही गई है।
घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कुछ लोग लाठी-डंडों के साथ हमला करते दिखाई दे रहे हैं। एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है और घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



