चमोली: औली में भारत-अमेरिका के सैनिकों का जंगल वारफेयर अभ्यास, रैपलिंग और इनडोर फायरिंग की ट्रेनिंग

चमोली। उत्तराखंड के औली में भारत और अमेरिका की सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘युद्ध अभ्यास-2026’ जारी है। अभ्यास के दौरान दोनों देशों के सैनिक जंगल वारफेयर, इनडोर फायरिंग और रॉक-फेस रैपलिंग जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
अभ्यास में अमेरिकी सेना की 11वीं एयरबोर्न डिवीजन और भारतीय सेना की गढ़वाल रेजिमेंट के जवान संयुक्त रूप से प्रशिक्षण ले रहे हैं। सैनिकों ने घने जंगल वाले क्षेत्र में एकीकृत दस्तों के रूप में छोटे दलों की रणनीति और सामरिक प्रक्रियाओं का अभ्यास किया।
औली स्थित फॉरेन ट्रेनिंग नोड में हाल ही में शुरू की गई इनडोर शूटिंग रेंज में भी सैनिकों ने फायरिंग का अभ्यास किया। यहां भारतीय निर्मित AK-203 असॉल्ट राइफल से प्रशिक्षण कराया गया।
‘युद्ध अभ्यास-2026’ का उद्देश्य पर्वतीय और अर्ध-पर्वतीय क्षेत्रों में दोनों सेनाओं की संयुक्त संचालन क्षमता और आपसी तालमेल को मजबूत करना है। इस अभ्यास में ड्रोन और ऑटोनॉमस सिस्टम समेत आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर भी जोर दिया जा रहा है।



