सुरेंद्र कोली की मौत: आज पुलिस को रिपोर्ट सौंपेंगे डॉक्टर, जांच में अब तक आत्महत्या के संकेत

हरिद्वार। निठारी कांड में सुप्रीम कोर्ट से बरी हुए सुरेंद्र कोली उर्फ सदाराम की मौत के मामले में डॉक्टर मंगलवार को अपनी रिपोर्ट पुलिस को सौंपेंगे। पोस्टमार्टम के बाद तीन दिनों तक हुई जांच में अब तक आत्महत्या की ओर संकेत करने वाले तथ्य सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने से पहले मौत के कारणों पर आधिकारिक निष्कर्ष देने से इनकार किया है।
सुरेंद्र कोली 18 सितंबर को हरिद्वार के सप्तसरोवर मार्ग स्थित वैष्णो देवी मंदिर के सामने अपने चाय के खोखे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले थे। पुलिस ने प्रथमदृष्टया आत्महत्या मानकर जांच शुरू की थी। इसके बाद वीडियोग्राफी के बीच डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया।
सोमवार को वरिष्ठ डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी का अध्ययन किया। इस दौरान गले पर रस्सी के निशान और नाक से खून आने समेत अन्य बिंदुओं की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, अभी तक की जांच में आत्महत्या के ही तथ्य सामने आए हैं।
वहीं, सुरेंद्र कोली के परिजनों ने पहले आत्महत्या की आशंका से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई थी और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।



