उत्तराखंड

खटीमा: मोबाइल जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों में फैली दहशत, आंखों पर बांधी पट्टी; स्कूल को नोटिस

Listen to this News

खटीमा के बिरिया मझोला स्थित एक निजी स्कूल में मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल और स्क्रीन टाइम के नुकसान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की आंखों पर पट्टियां बांधी गईं और उनके आसपास लाल रंग का पदार्थ लगाया गया। इस दौरान कुछ बच्चे डर गए और रोने-चिल्लाने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान एक बच्चे ने सहपाठियों से कहा कि मोबाइल के अधिक इस्तेमाल के कारण डॉक्टरों ने उसकी दोनों आंखें निकाल दी थीं। यह सुनकर कई बच्चे भयभीत हो गए। वीडियो में कुछ बच्चे मोबाइल का इस्तेमाल न करने का संकल्प लेते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।

मामले का संज्ञान लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी भानुप्रताप कुशवाहा ने कहा कि बच्चों को मोबाइल और अधिक स्क्रीन टाइम के प्रति जागरूक करने का तरीका सही नहीं था, क्योंकि इससे उनमें दहशत फैल गई। शिक्षा विभाग ने विद्यालय को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।

वहीं, विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को डराना नहीं, बल्कि मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करना था। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, कई अभिभावकों ने बच्चों के बढ़ते स्क्रीन टाइम को लेकर चिंता जताई थी, जिसके बाद यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button