रुद्रप्रयाग: KBC ऑनलाइन गेम में 8.5 लाख जीतने का झांसा, साइबर ठगों ने व्यक्ति से ठगे 1.50 करोड़

रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गए। फेसबुक पर चल रहे कथित KBC ऑनलाइन गेम में 8.5 लाख रुपये जीतने का झांसा देकर साइबर ठगों ने उनसे करीब 1.50 करोड़ रुपये ठग लिए। इनाम और कार दिलाने के नाम पर उनसे अलग-अलग टैक्स व शुल्क जमा कराए गए। मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, किणझाणी गांव निवासी 54 वर्षीय कमल सिंह ने 14 जनवरी 2026 से फेसबुक पर चल रहे ‘चेहरा पहचानो’ ऑनलाइन गेम में हिस्सा लेना शुरू किया था। इसमें सही जवाब देने पर 8.5 लाख रुपये का इनाम मिलने का दावा किया गया था। पहली बार ही उन्हें इनाम जीतने की बात बताई गई।
इसके बाद व्हाट्सऐप पर नितिन नाम के व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और इनामी राशि जारी करने के लिए पहले 1,550 रुपये टैक्स जमा करने को कहा। रकम जमा करने के बाद अलग-अलग नंबरों से उनसे संपर्क किया गया। शिकायत के मुताबिक, ठगों ने भरोसा कायम करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमिताभ बच्चन और मुकेश अंबानी की तस्वीरों वाले कथित फर्जी दस्तावेज और रिजर्व बैंक के नाम से भी दस्तावेज भेजे।
बाद में पीड़ित को बताया गया कि उन्होंने कई करोड़ रुपये और एक चारपहिया वाहन जीता है। इनाम हासिल करने के लिए अलग-अलग टैक्स, शुल्क और अन्य मदों में रकम जमा कराने को कहा गया। शिकायत के अनुसार, कमल सिंह ने 30 मार्च से 16 सितंबर 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में करीब 1.50 करोड़ रुपये जमा कर दिए। रकम जुटाने के लिए उन्होंने लोगों से उधार भी लिया।
लगातार भुगतान के बावजूद जब इनामी राशि नहीं मिली तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन, मोबाइल नंबरों और व्हाट्सऐप संपर्कों की जांच शुरू कर दी है।



