मिजोरम: छुट्टी पर घर लौट रहे सेना के जवान की पीट-पीटकर हत्या, दो नाबालिग समेत आठ गिरफ्तार

मिजोरम के कोलासिब जिले में छुट्टी पर घर लौट रहे असम रेजिमेंट के 29 वर्षीय जवान जकारिया लालह्रियाटलुआंगा की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना 20 सितंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग-306 पर हुई, जहां सड़क पर यातायात को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, जकारिया जम्मू-कश्मीर में तैनात थे और छुट्टी पर अपने गांव न्यू बुइलुम लौट रहे थे। वह अपने दोस्त के साथ ट्रक में यात्रा कर रहे थे। खराब सड़क के कारण यातायात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद पिकअप वाहन में सवार युवकों के एक समूह ने कथित तौर पर दोनों पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर जकारिया भी हमले की चपेट में आ गए।
पुलिस के मुताबिक, हमले में जकारिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दोस्त को चोटें आईं। मामले में दो नाबालिगों समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
जकारिया वर्ष 2017 में असम रेजिमेंट में भर्ती हुए थे और उनके परिवार के अनुसार वह बुजुर्ग माता-पिता की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहे थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



