
समस्तीपुर: कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाइपास रोड पर एक युवती के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
जानकारी के अनुसार, युवती एक युवक के साथ सड़क किनारे फोटो लेने के लिए रुकी थी। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उसे घेर लिया। वायरल वीडियो में युवकों को युवती से नाम-पता पूछते और कथित तौर पर गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार करते देखा जा सकता है। वीडियो में युवती के साथ गलत तरीके से छूने और उसे सड़क पर खींचने का भी आरोप सामने आया है।
वीडियो बुधवार देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद समस्तीपुर पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान शुरू की। पुलिस के अनुसार, अब तक दो युवकों की पहचान विकास शर्मा और राहुल कुमार के रूप में हुई है, जबकि अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने वायरल वीडियो की सत्यता की जांच और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



