केदारनाथ: हेली टिकट के नाम पर पांच लाख की ऑनलाइन ठगी, आरोपी ऋषिकेश से गिरफ्तार

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान हेली सेवा उपलब्ध कराने के नाम पर श्रद्धालु से करीब पांच लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को ऋषिकेश से गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी, चमोली भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अगस्त में कोतवाली गुप्तकाशी में हेली टिकट के नाम पर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज हुई थी। महाराष्ट्र के पुणे निवासी करण गुजराल ने हेली सेवा उपलब्ध कराने के नाम पर ऑनलाइन ठगी किए जाने की शिकायत की थी।
जांच में पुलिस ने शीशमबाड़ा शेरपुर, देहरादून निवासी राहुल थापा को गिरफ्तार किया। आरोप है कि उसने पैसों के लालच में श्रद्धालुओं को हेली टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए हैं। बरामद इलेक्ट्रॉनिक और बैंक संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
पूछताछ के आधार पर होटल संचालकों और हेली सेवा प्रदाता कंपनियों से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।



