
औरंगाबाद: बारुण थाना क्षेत्र के सोन नदी पुल पर गुरुवार सुबह ई-रिक्शा की बैटरियों से लदी पिकअप में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और पिकअप धू-धूकर जलने लगी। वाहन में करीब 25 बैटरियां लदी थीं।
आग की लपटें उठती देख चालक ने समय रहते पिकअप से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद एनएच-19 पर अफरातफरी मच गई और करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही बारुण थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग पूरी तरह बुझने के बाद क्षतिग्रस्त पिकअप को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस के अनुसार, पिकअप पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से नोएडा और दिल्ली की ओर जा रही थी। चालक की पहचान गुड़गांव निवासी नीतेश भगत के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सोन नदी पुल पर एक ट्रैक्टर से बचने के लिए चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, इसी दौरान पिकअप में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई।



