
नई दिल्ली: कालकाजी के आस्था कुंज पार्क में हुई घटना के बाद लेडी श्रीराम कॉलेज (LSR) की छात्राओं ने कॉलेज के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। छात्राओं ने कॉलेज के पिछले गेट, आसपास के पार्कों और रास्तों पर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
छात्राओं के अनुसार, कॉलेज परिसर के बाहर कुछ इलाकों में उन्हें उत्पीड़न और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अंधेरे स्थानों पर बेहतर स्ट्रीट लाइट, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और सीसीटीवी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
प्रदर्शन में एलएसआर के अलावा दिल्ली विश्वविद्यालय के अन्य कॉलेजों की छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। छात्राओं ने कॉलेज के पास स्थित पिंक बूथ और आसपास के इलाकों में पुलिस की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित करने की मांग रखी।
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि छात्राओं की सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की गई है। प्रशासन ने कॉलेज के आसपास की गलियों, पिछले गेट और पार्कों में पुलिस गश्त बढ़ाने के लिए अमर कॉलोनी थाने को पत्र भी दिया है।
घटना के बाद मंगलवार और बुधवार को कॉलेज की कक्षाएं ऑनलाइन संचालित की गई थीं। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, बृहस्पतिवार से ऑफलाइन कक्षाएं फिर शुरू की गईं।



