अमरोहा कांड: फार्म हाउस मालिक और उत्तराखंड के विधायक उमेश शर्मा से होगी पूछताछ

अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र स्थित उत्तराखंड के खानपुर विधायक उमेश शर्मा के फार्म हाउस पर युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस विधायक से भी पूछताछ करेगी। पुलिस के अनुसार, घटना विधायक के फार्म हाउस में हुई है, इसलिए विवेचना के दौरान फार्म हाउस की व्यवस्थाओं और घटना से जुड़े पहलुओं को लेकर उनका बयान दर्ज किया जाएगा।
अमरोहा पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने स्पष्ट किया कि फिलहाल घटना में विधायक उमेश शर्मा की कोई संलिप्तता सामने नहीं आई है। फार्म हाउस के मालिक होने के नाते उनका बयान विवेचना का हिस्सा होगा। पुलिस फार्म हाउस पर आने-जाने वाले लोगों और वहां मौजूद व्यवस्थाओं से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
मामले में सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर लालाराम यादव और हेड कांस्टेबल मोहित के अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस के दरोगा संजय तोमर और सिपाही प्रमोद को गिरफ्तार किया गया है। चारों आरोपियों को अदालत में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद मामले की जांच की जा रही है और फार्म हाउस से जुड़े लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच रही है कि आरोपी फार्म हाउस तक कैसे पहुंचे और वहां ठहरने की व्यवस्था किस तरह की गई थी।



