हरिद्वार: शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दुल्हन समेत पांच गिरफ्तार

हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कथित फर्जी दुल्हन समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह भोले-भाले युवकों को शादी के झांसे में फंसाता था। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया जाता था और घर में रखी नकदी व कीमती सामान लेकर आरोपी फरार हो जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रुकमीना, अब्दुल बारी, पुनीत कुमार, पुनीत की पत्नी और फतेह सिंह मीना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 70 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और नशीला पाउडर बरामद किया है। घटना में इस्तेमाल बोलेरो कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। साथ ही, गिरोह के अन्य आपराधिक मामलों और इसके नेटवर्क से जुड़े लोगों की भी जांच की जा रही है।



