उत्तराखंड

देहरादून: स्वतंत्रता सेनानी धर्मवीर वर्मा का एक और कथित पोता सामने आया, प्रशासन ने शुरू की जांच

Listen to this News

देहरादून में स्वतंत्रता सेनानी धर्मवीर वर्मा के नाम से जारी कथित उत्तराधिकारी प्रमाणपत्रों को लेकर एक और मामला सामने आया है। मोथरोवाला निवासी बताए जा रहे आदित्य ने खुद को धर्मवीर वर्मा का पोता बताते हुए प्रमाणपत्र बनवाया है। प्रशासन ने अब इस प्रमाणपत्र की जांच शुरू कर दी है।

आदित्य के प्रमाणपत्र में पिता का नाम हरीश चंद और पता मोथरोवाला दर्ज बताया गया है। एसडीएम सदर डॉ. अपूर्वा सिंह के अनुसार, प्रमाणपत्र की जांच कर यह सत्यापित किया जाएगा कि इसमें दर्ज जानकारी और पारिवारिक संबंध सही हैं या नहीं।

इससे पहले धर्मवीर वर्मा के नाम से कथित नाती, नातिन और पोते-पोती होने का दावा करने वाले कई लोगों के प्रमाणपत्र सामने आ चुके हैं। प्रशासन की जांच में चार छात्राओं—तृप्ति, स्वाति, खुशी और परी—के स्वतंत्रता सेनानी आश्रित प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए थे। इन प्रमाणपत्रों के आधार पर लिए गए एमबीबीएस दाखिले भी निरस्त किए जा चुके हैं।

इसके बाद पार्थ वर्मा नाम के एक युवक का प्रमाणपत्र भी जांच में फर्जी पाया गया था। उसने धर्मवीर वर्मा का पोता होने का दावा किया था। अब आदित्य का मामला सामने आने के बाद कथित नाती-नातिन और पोता-पोती के रूप में सामने आए दावेदारों की संख्या सात हो गई है।

मामले की जांच एसआईटी भी कर रही है। टीम ने धर्मवीर वर्मा के परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए हैं और प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया से जुड़े राजस्व रिकॉर्ड व अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button