देशराष्ट्रीय

शामली: 85 हजार रुपये रिश्वत लेते जिला खनन अधिकारी और क्लर्क गिरफ्तार, घर-ऑफिस से 71 लाख रुपये बरामद

Listen to this News

शामली में उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की मेरठ सेक्टर टीम ने जिला खनन अधिकारी सुधाकर सिंह और संविदा कर्मचारी सहायक लिपिक सद्दाम को कथित तौर पर 85 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद खनन अधिकारी के कार्यालय और सरकारी आवास की तलाशी ली गई, जहां करीब 71 लाख रुपये नकद बरामद होने की बात सामने आई है।

विजिलेंस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बालू खनन से संबंधित आवेदन को आगे भेजने के लिए रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी। ट्रैप कार्रवाई के दौरान 85 हजार रुपये लेते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। इससे पहले शिकायतकर्ता द्वारा 50 हजार रुपये खनन अधिकारी के बैंक खाते में जमा किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

तलाशी के दौरान खनन अधिकारी के कार्यालय से 8 लाख रुपये और उनके सरकारी आवास से करीब 63 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। आवास में अलमारियों और बैगों में 200 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियां रखी मिलीं। नकदी की गिनती के लिए मशीन मंगानी पड़ी।

विजिलेंस टीम दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में रिश्वत की मांग और बरामद नकदी के स्रोत समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button