उत्तराखंड: पर्वतीय जिलों में बदलेगा मौसम, बिजली चमकने के साथ बारिश का येलो अलर्ट; 26 से 30 सितंबर के बीच मानसून की विदाई

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में शुक्रवार को मौसम करवट ले सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, पौड़ी और चमोली के कुछ इलाकों में बिजली चमकने और गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश का तेज दौर भी देखने को मिल सकता है। आने वाले दिनों में भी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
वहीं, उत्तराखंड से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का समय भी नजदीक आ गया है। मौसम विभाग के अनुसार 26 से 30 सितंबर के बीच प्रदेश से मानसून की विदाई हो सकती है।
सतोपंथ मार्ग पर सीजन की पहली बर्फबारी
बारिश के बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर भी शुरू हो गया है। बदरीनाथ से सतोपंथ जाने वाले मार्ग पर चक्रतीर्थ में इस सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। अचानक मौसम बदलने के बाद हुई बर्फबारी से आसपास की चोटियों पर ठंड बढ़ गई है।



