
देवप्रयाग स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय में दो छात्राओं के साथ कथित अश्लील व्यवहार और छेड़खानी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक डॉ. सूर्यमणि भंडारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच पूरी होने तक शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
शिकायत के अनुसार, घटना 22 अगस्त की बताई गई है। इसमें एक नाबालिग और एक बालिग छात्रा के साथ अमर्यादित व्यवहार और छेड़खानी का आरोप लगाया गया है। संस्थान स्तर पर मामले की आंतरिक जांच चल रही थी, जिसके बाद 21 सितंबर को पुलिस को नामजद शिकायत दी गई।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। जांच अधिकारी एसएसआई अनिता नेगी ने बताया कि प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर गेस्ट हाउस में स्थानांतरित कर दिया है।



