
पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर ग्रामीण क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ता शमशेर विश्वास की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार को हाथीहल्का इलाके में हुई। गंभीर हालत में उन्हें मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना में दो अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं के भी गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भाजपा के पुराने और नए गुट के बीच विवाद को लेकर शमशेर विश्वास और उनके साथियों पर हमला किए जाने का आरोप है। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है। इलाके में तनाव को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।



