
उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में खराब मौसम और बर्फबारी के कारण फंसे 136 पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया है। सोमवार सुबह छह बजे से हेलिकॉप्टरों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया। अब तक 21 पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकालकर हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया जा चुका है।
प्रशासन के अनुसार, उत्तरकाशी में 10 ट्रेकिंग दलों के 136 पर्वतारोही अलग-अलग स्थानों पर फंसे हैं। इनमें हाई अल्टीट्यूड एक्सपीडिशन के 89 सदस्य, कालिंदी पास बेस कैंप के 18 और ऑडिन कोल पास बेस कैंप के 29 सदस्य शामिल हैं। सभी से सैटेलाइट के माध्यम से लगातार संपर्क बना हुआ है और प्रशासन ने सभी को सुरक्षित बताया है।
रेस्क्यू अभियान के लिए फिलहाल तीन हेलिकॉप्टरों की मदद ली जा रही है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य भी अभियान की समीक्षा के लिए हर्षिल रवाना हुए हैं। प्रशासन ने जरूरत के अनुसार हेलिकॉप्टरों की संख्या बढ़ाने और मौसम विभाग के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
रेस्क्यू के बाद सभी पर्वतारोहियों की मेडिकल स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एम्स ऋषिकेश और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को अलर्ट पर रखा गया है।



