
देहरादून में त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों पर होने वाले उपचुनाव के लिए संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) डॉ. आशीष चौहान ने राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के क्रम में इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर और एक अक्तूबर को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। तीन अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि चार अक्तूबर को नाम वापस लिए जा सकेंगे। पांच अक्तूबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
12 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 14 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
देहरादून जिले में चकराता, कालसी, विकासनगर, सहसपुर, रायपुर और डोईवाला विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य के रिक्त पदों पर उपचुनाव होना है। आचार संहिता संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।



