
पुणे में 23 वर्षीय महिला IT इंजीनियर वैष्णवी प्रवीण जरांडे ने शादी के कुछ महीने बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, शादी में करीब 45 लाख रुपये खर्च किए गए थे और 10 तोले सोना दिया गया था। इसके बावजूद पति, सास और ससुर पर कार खरीदने के लिए मायके से 5 लाख रुपये मांगने का आरोप है। वैष्णवी की शादी 9 मई को ओंकार संजय घिसारे से हुई थी।
शिकायत के मुताबिक, 24 सितंबर की रात वैष्णवी ने अपनी मां को फोन कर ससुराल में कथित उत्पीड़न की जानकारी दी थी। इसके बाद परिजनों का उससे संपर्क नहीं हो सका और पुणे पहुंचने पर उन्हें उसकी मौत की जानकारी मिली।
वैष्णवी के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम और आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।



