उत्तराखंडदेशराष्ट्रीय

उत्तरकाशी: मोरी के आराकोट में पुराने स्वास्थ्य भवन में भीषण आग, सेवानिवृत्त एएनएम की जलकर मौत

Listen to this News

उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक के आराकोट क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से भवन में रह रही सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, आग लगते ही पूरे भवन में तेजी से फैल गई और देखते ही देखते भवन पूरी तरह जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मोरी, त्यूणी और हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से अग्निशमन वाहन मौके पर बुलाए। अग्निशमन टीमों और पुलिस प्रशासन ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

बताया गया कि पार्वती जैन स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद कई वर्षों से इसी पुराने भवन में अकेली रह रही थीं। थाना अध्यक्ष दीपक रावत के अनुसार, प्रथम दृष्टया आशंका है कि जिस कमरे में महिला रहती थीं, वहां लकड़ी के चूल्हे से खाना बनाते समय आग भड़की होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना मृतका के भतीजे को दे दी गई है, जो देहरादून से आराकोट के लिए रवाना हुए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button