
मैसूर: कर्नाटक के मैसूर जिले में एक दर्दनाक हादसे में 1 साल 7 महीने की बच्ची की स्कूल वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब शास्त्री पब्लिक स्कूल का वाहन चार साल के एक बच्चे को स्कूल से घर छोड़ने पहुंचा था।
बताया गया कि बच्चे की मां जब उसे वाहन से नीचे उतार रही थी, तभी वाहन अचानक आगे बढ़ गया। पास में खड़ी बच्ची लतिक्षा वाहन के नीचे आ गई और पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोटों के कारण बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने 42 वर्षीय चालक सिद्धराजू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बच्ची के परिजनों ने चालक पर लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।



