लखीमपुर खीरी: 1.81 लाख राशन कार्ड यूनिटों की ई-केवाईसी लंबित, विभाग ने दिया अंतिम मौका

लखीमपुर खीरी: जिले में राशन कार्ड में दर्ज 1,81,560 यूनिटों की ई-केवाईसी अब तक पूरी नहीं हुई है। विभाग ने इन लाभार्थियों को ई-केवाईसी कराने का अंतिम अवसर दिया है। निर्धारित समय तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर संबंधित सदस्यों के नाम राशन कार्ड से हटाए जा सकते हैं।
जिले में अंत्योदय और पात्र गृहस्थी श्रेणी के आठ लाख से अधिक राशन कार्ड हैं, जिनमें 33 लाख से ज्यादा यूनिट दर्ज हैं। शासन के निर्देश पर सभी सदस्यों की ई-केवाईसी कराने के लिए कई महीनों से अभियान चलाया जा रहा है। अब तक करीब 31 लाख 20 हजार यूनिटों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है।
विभाग के अनुसार ई-केवाईसी लंबित होने के कारण इन 1,81,560 यूनिटों को करीब छह महीने से खाद्यान्न का लाभ नहीं मिल पा रहा है। लाभार्थी अपने वर्तमान स्थान के नजदीक किसी भी सरकारी राशन की दुकान पर जाकर ई-केवाईसी करा सकते हैं। अंतिम अवसर के बाद भी सत्यापन नहीं कराने पर नाम हटाने की कार्रवाई की जा सकती है।



