देहरादून: भाजपा पार्षद के घर लूट, नौकर ने परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर किया बेहोश; साथियों संग फरार

देहरादून में भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। आरोप है कि करीब 25 दिन पहले घरेलू काम के लिए रखा गया नौकर परिवार के सदस्यों को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश करने के बाद घर से सोने के आभूषण समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गया।
घटना बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास की बताई जा रही है। परिवार के मुताबिक, नौकर को पार्षद की बेटी ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से काम पर रखा था। मंगलवार रात खाना खाने के बाद पार्षद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार के बेहोश होने के बाद नौकर ने अपने कुछ साथियों को भी घर बुलाया। आरोपियों ने करीब एक घंटे तक घर में लूटपाट की और कीमती सामान लेकर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है।



