उत्तराखंड: हिमाच्छादित क्षेत्रों में जनगणना पूरी, आज से पांच दिन चलेगा रिवीजन राउंड

देहरादून। उत्तराखंड के हिमाच्छादित और दुर्गम क्षेत्रों में जनगणना का पहला चरण पूरा हो गया है। अब एक से पांच अक्तूबर तक रिवीजन राउंड चलाया जाएगा। इस दौरान जुटाए गए आंकड़ों की दोबारा जांच कर आवश्यक संशोधन और सुधार किए जाएंगे।
यह विशेष जनगणना अभियान चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ के 131 हिमाच्छादित गांवों के साथ ही बदरीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री के तीन शहरी स्थानीय निकायों में चलाया गया। निर्धारित सभी प्रगणना क्षेत्रों में 100 प्रतिशत कार्य पूरा होने की जानकारी दी गई है।
182 कार्मिकों ने घर-घर जाकर जुटाए आंकड़े
अभियान के लिए 139 प्रगणक और 43 पर्यवेक्षकों समेत कुल 182 प्रशिक्षित कार्मिकों को तैनात किया गया था। इन कर्मचारियों ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बीच घर-घर जाकर जनगणना संबंधी आंकड़े जुटाए। विशेष चार्ज के 31 ब्लॉकों में भी कार्य पूरा किया गया।
रिवीजन के बाद सुनिश्चित होगी आंकड़ों की शुद्धता
एक से पांच अक्तूबर तक चलने वाले पुनरीक्षण चरण में जनगणना के दौरान एकत्र किए गए आंकड़ों की समीक्षा की जाएगी। जरूरत पड़ने पर इनमें संशोधन और सुधार किए जाएंगे, ताकि अंतिम आंकड़े अधिक सटीक हों। नागरिकों ने स्व-गणना के माध्यम से भी अभियान में भागीदारी की।



