
देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 के ग्रैंड फिनाले में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा लाइव प्रस्तुति देंगे। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में गुरुवार को होने वाले समापन समारोह में उनके साथ प्रसिद्ध परफॉर्मर प्रांजल दहिया भी प्रस्तुति देंगी।
मासूम शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड से उनका गहरा जुड़ाव है और यहां के लोगों का प्यार उनके लिए बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि वह देहरादून आकर लोगों से दिल खोलकर मिलना चाहते हैं और मंच के माध्यम से पुराने गिले-शिकवे दूर करने की कोशिश करेंगे।
यूपीएल के तीसरे संस्करण की शुरुआत 21 सितंबर को महिला वर्ग के मुकाबलों से हुई थी, जिसमें देहरादून वॉरियर्स विजेता रही। पुरुष वर्ग के मुकाबले 22 सितंबर से शुरू हुए और इसमें सात टीमों ने हिस्सा लिया।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के पदाधिकारियों के अनुसार, ग्रैंड फिनाले में क्रिकेट के साथ संगीत और मनोरंजन का भी संगम देखने को मिलेगा।
हालांकि, मासूम शर्मा की प्रस्तुति को लेकर कुछ संगठनों ने विरोध भी जताया है। बातचीत के बाद कार्यक्रम को लेकर कुछ शर्तों पर सहमति बनी है, जिसमें मंच से सार्वजनिक माफी और भविष्य में आपत्तिजनक भाषा या गीतों से परहेज जैसी मांगें शामिल हैं।



