
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के अगवानपुर में शुक्रवार सुबह एक पिज्जा रेस्टोरेंट में सिलिंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाका इतना तेज था कि दुकान के दरवाजे टूट गए और मकान की दीवारों में दरारें आ गईं। हादसे में रेस्टोरेंट संचालक समेत पांच लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, शेरुआ चौराहे के पास स्थित एक मकान के निचले हिस्से में पिज्जा रेस्टोरेंट संचालित होता है, जबकि ऊपरी हिस्से में परिवार रहता है। शुक्रवार सुबह करीब 10:20 बजे रेस्टोरेंट में कर्मचारी पिज्जा बना रहे थे। इसी दौरान सिलिंडर में आग लग गई और वह तेज धमाके के साथ फट गया।
धमाके की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में घायल पांच लोगों को पुलिस ने उपचार के लिए कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



