
बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र में साढ़े तीन साल के मासूम की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मनार पंचायत के गंगा बिगहा गांव में घर के पास से लापता हुए बच्चे का शव शुक्रवार सुबह गांव के समीप नहर में मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, विकास का बेटा भोला गुरुवार शाम करीब चार बजे घर के पास से अचानक लापता हो गया था। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास तलाश की और पुलिस को सूचना दी। रातभर खोजबीन के बावजूद बच्चे का पता नहीं चला।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने नहर में बच्चे का शव देखा। पहचान होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया।
दाउदनगर के एसडीपीओ चंद्रभूषण ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड समेत विशेष टीमों को बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।



