देशराष्ट्रीय

उत्तराखंड: ऋषिकेश तक होगा नमो भारत ट्रेन का विस्तार, सीएम धामी ने दिया बड़ा अपडेट; मुजफ्फरनगर को भी मिलेगा लाभ

Listen to this News

मुजफ्फरनगर: दिल्ली-मेरठ के बीच संचालित नमो भारत (RRTS) ट्रेन का विस्तार ऋषिकेश तक करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुजफ्फरनगर स्थित रामपुर तिराहा शहीद स्मारक पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में यह जानकारी दी। प्रस्तावित विस्तार से मुजफ्फरनगर सहित उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई क्षेत्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

सीएम धामी ने बताया कि दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को ऋषिकेश तक बढ़ाने की दिशा में काम चल रहा है। प्रस्तावित मार्ग मेरठ के मोदीपुरम से शुरू होकर मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र तक पहुंच सकता है। इस परियोजना से स्थानीय लोगों के साथ-साथ उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को भी आधुनिक परिवहन सुविधा मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि इसके बनने से दिल्ली से देहरादून का सफर करीब ढाई से तीन घंटे में पूरा हो सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे के विस्तार को हरिद्वार तक मंजूरी मिली है।

रामपुर तिराहा कांड के बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि

रामपुर तिराहा कांड की बरसी पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम धामी ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने सात बलिदानियों के प्रतिमा स्थल का शिलान्यास किया। साथ ही स्मारक परिसर के अतिथि गृह के उच्चीकरण, पुस्तकालय को ई-लाइब्रेरी में बदलने और संग्रहालय के विस्तार की घोषणा की।

हरिद्वार कुंभ की तैयारियां अंतिम चरण में

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने भव्य और दिव्य कुंभ आयोजन की बात कही। बदरीनाथ धाम में आयोजनों से जुड़े सवाल पर उन्होंने बताया कि पवित्र धामों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button