
उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के बधाण गांव में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, मृतक रोशनलाल (35) अपने रिश्ते के भतीजे की पत्नी को 28 सितंबर को अपने साथ ले गया था। इस मामले में दोनों को पुलिस ने हिरासत में लिया था, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हुआ था।
समझौते के तहत महिला अपने प्रेमी के साथ रहने और पति से कानूनी तलाक लेने पर सहमत हुई थी। शनिवार को दोनों पक्ष तलाक की कार्रवाई के लिए न्यायालय पहुंचे थे। आरोप है कि न्यायालय की कार्रवाई से पहले महिला के पति अर्जुन और उसके तीन साथियों विकास, वीरेंद्र और केशव ने रोशनलाल को उत्तरकाशी-लंबगांव मोटर मार्ग पर ले जाकर बेरहमी से पीटा।
गंभीर रूप से घायल रोशनलाल को आरोपी जिला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जीरो एफआईआर धरासू थाने को हस्तांतरित कर दी गई है।



