
कोटद्वार के भाबर क्षेत्र के घमंडपुर में रविवार सुबह तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में 10 वर्षीय वंश की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय लक्ष्य को गंभीर हालत में जौलीग्रांट अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, पदमपुर सुखरो निवासी 19 वर्षीय अभिषेक रावत सुबह करीब सात बजे कार से घमंडपुर स्थित जिगर गार्डन के पास पहुंचा था। इसी दौरान कार ने दुर्गापुरी निवासी वंश और उसके चचेरे भाई लक्ष्य को टक्कर मार दी। दोनों बच्चे सुबह टहलने निकले थे।
हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए बेस अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल वंश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि लक्ष्य की हालत गंभीर होने पर उसे जौलीग्रांट रेफर किया गया। मृतक के दादा की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूछताछ में चालक ने बताया कि तेज रफ्तार कार को नियंत्रित करने के लिए उसने हैंडब्रेक लगाया था। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी तरफ चली गई और बच्चों को टक्कर मारने के बाद एक पेड़ तथा दीवार से जा टकराई



