
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सेना ने दो लैंडमाइन्स का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। दोनों बारूदी सुरंगें मेंढर सेक्टर के बसूनी टॉप इलाके में सीमा बाड़ के पास गश्त के दौरान मिलीं।
अधिकारियों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:50 बजे गश्त कर रहे जवानों की नजर संदिग्ध विस्फोटक उपकरणों पर पड़ी। इसके बाद एहतियात के तौर पर इलाके को घेर लिया गया और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया।
बम निरोधक दस्ते ने नियंत्रित विस्फोट के जरिए दोनों लैंडमाइन्स को नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
अधिकारियों के मुताबिक, LoC के अग्रिम क्षेत्रों में घुसपैठ रोधी सुरक्षा व्यवस्था के तहत लैंडमाइन्स बिछाई गई हैं। भारी बारिश और मिट्टी खिसकने के कारण कई बार ये अपने स्थान से खिसक जाती हैं, जिसके बाद सुरक्षा बल उन्हें तलाश कर सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करते हैं।



