
भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होने वाले हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया है। इस छह खिलाड़ियों वाले तेज-तर्रार प्रारूप में भुवनेश्वर के नेतृत्व में भारत की टीम मैदान पर उतरेगी।
भारतीय टीम में भुवनेश्वर कुमार के अलावा क्रुणाल पांड्या, शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, नीतीश राणा, राहुल त्रिपाठी और टी. नटराजन को शामिल किया गया है। शशांक सिंह को छोड़कर टीम के सभी खिलाड़ी भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं।
हांगकांग सिक्सेस में एक टीम से छह खिलाड़ी मैदान पर उतरते हैं। मुकाबले बेहद तेज गति से खेले जाते हैं और इसमें आक्रामक बल्लेबाजी के साथ हर खिलाड़ी से गेंद और क्षेत्ररक्षण में योगदान की उम्मीद रहती है।
भारत पिछले संस्करण में पाकिस्तान के खिलाफ जीत से शुरुआत करने के बाद अगले मुकाबलों में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया था। पाकिस्तान मौजूदा चैंपियन है और उसने पिछले साल फाइनल में कुवैत को हराकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीता था।



