
नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसायटी में गुरुग्राम-मानेसर निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है। पुलिस के अनुसार, रिपोर्ट में मौत की वजह ऊंचाई से गिरने के कारण लगी गंभीर चोटें बताई गई हैं। घटना में किसी तरह की संदिग्धता सामने नहीं आई है और परिजनों की ओर से भी कोई शिकायत नहीं दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, संभव जैन एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और वर्क फ्रॉम होम करते थे। वह निजी और पारिवारिक परेशानियों के कारण तनाव में थे। उन्होंने शुक्रवार को सुपरनोवा सोसायटी के स्पाइरा टावर में स्टूडियो अपार्टमेंट बुक किया था। अगले दिन हुई घटना के दौरान एसी मैकेनिक और स्टाफ ने उन्हें बचाने का प्रयास भी किया था।
रिपोर्ट के अनुसार, संभव का करीब एक साल पहले पत्नी से तलाक हुआ था। इसके अलावा उन पर कर्ज होने की बात भी सामने आई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
परिजनों को पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिया गया था और अंतिम संस्कार नोएडा में किया गया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



